Site icon नमस्ते न्यूज़ नेटवर्क

प्रधानाचार्य की मेहनत और लगन ने राजकीय विद्यालय की स्थिति को सुधारा

प्रधानाचार्य की मेहनत और लगन ने राजकीय विद्यालय की स्थिति को सुधारा

राजकीय विद्यालय में विद्यार्थियों को मिल रही बेहतरीन शिक्षा और सुविधा

दोस्तपुर (सुल्तानपुर)| पंडित दीनदयाल उपाध्याय राजकीय मॉडल इंटर कॉलेज तेंदूआकाजी दोस्तपुर सुल्तानपुर जनपद में स्थित रिमोट एरिया का राजकीय विद्यालय है। वर्ष 2018 से संचालित इस विद्यालय का अपना कोई अतीत नहीं है किंतु विद्यालय का वर्तमान शैक्षिक सत्र विकास पथ पर निरंतर गतिमान है। आठ प्रवक्ता और दो सहायक अध्यापक तथा कुछ पीटीए अध्यापकों  द्वारा इस विद्यालय में उत्कृष्ट शिक्षण कार्य किया जा रहा है। विद्यालय की शिक्षा व्यवस्था की चर्चा आसपास के क्षेत्र में सुनने को बराबर मिल रही है। 1 नवंबर 2023 को मोहम्मद रफीकजो 2021 बैच के पीईएस अधिकारी हैं, ने विद्यालय में प्रधानाचार्य का पदभार ग्रहण किया और तब से यह विद्यालय अवसंरचना और शैक्षिक उत्कृष्टता की नई इबारत लिख रहा है। विद्यालय में आईसीटी लैब की स्थापना से न्यू एजुकेशन पॉलिसी 2020 का क्रियान्वयन सुगम हुआ है। हाल ही में विद्यालय के गर्ल्स और बॉयज विंग के टॉयलेट का जीर्णोद्धार कराया गया। सभी टूटी खिड़कियों के शीशों को पुनः लगाने का काम गतिमान है। प्रधानाचार्य  ऑफिस में टाइल्स लगाकर ऑफिस को आधुनिक रूप दिया जा रहा है। प्रोजेक्ट अलंकार के तहत मल्टीपरपज हॉल का निर्माण गतिमान है। रमसा द्वारा प्रदत छात्रों के लिए आरो वॉटर की व्यवस्था है। विद्यालय के सभी छात्र ड्रेस में आते हैं और शिक्षक पूर्ण मनोभाव से अध्यापन कार्य करते हैं। जनपद सुल्तानपुर के 26 राजकीय विद्यालयों मे केवल इसी विद्यालय में गणित के प्रवक्ता हैं। विगत सत्र की अपेक्षा इस सत्र में छात्र संख्या में वृद्धि हुई है।

प्रधानाचार्य मोहम्मद रफ़ीक़

प्रधानाचार्य मोहम्मद रफ़ीक़ ने बताया कि जब से  मैं  इस विद्यालय में आया हूँ,  तब से बहुत प्रयास कर रहा हूँ  और काफी हद तक यहाँ की स्थिति ठीक हो गयी है।  लेकिन इतना होने के बावजूद भी यह विद्यालय प्रशासनिक उदासीनता का शिकार है क्योंकि मुख्य सड़क मार्ग से विद्यालय एक  किलोमीटर दूर नहर की पटरी के किनारे स्थित है। कई बार नहर की पटरी पर सड़क बनाने की बात जनप्रतिनिधियों से की गई किंतु प्रशासन से अपेक्षित सहयोग नहीं मिला जिसके कारण छात्रों का आवागमन प्रभावित हो रहा  है। यदि इस विद्यालय का आवागमन मार्ग पक्की सड़क के रूप में उपलब्ध हो तो निश्चित रूप से यह विद्यालय जनपद सुल्तानपुर का बहुत ही उत्कृष्ट राजकीय विद्यालय साबित होगा।

12 शिक्षकों से राजकीय विद्यालय में हो रही पढ़ाई

यहां पूर्व में कार्यरत दो प्रवक्ताओं और दो सहायक अध्यापकों  के अतिरिक्त विगत वर्ष दिसंबर 2022 में यू. पी. पी. एस. सी. द्वारा चयनित विभिन्न विषयों के 6 नये प्रवक्ता आयें हैं। प्रधानाचार्य मुहम्मद रफीक (पीईएस) के साथ डॉ ब्रम्हा प्रकाश सिंह (संस्कृत), विकास कुमार (हिंदी), विन्ध्येश्वरी प्रसाद त्रिपाठी (भूगोल), श्याम सुंदर (जीव विज्ञान), आकाश तिवारी (इतिहास), हरिकेश कुमार यादव – (अंग्रेजी), शंकर (गणित), सुशील कुमार (रसायन विज्ञान), मनमोहन मिश्र (अंग्रेजी), अभिनय यादव (जीव विज्ञान), कृष्ण कुमार खन्ना (व्यावसायिक शिक्षा) 12 शिक्षकों की वजह से इस विद्यालय में विद्यार्थियों को अच्छी शिक्षा मिल पा रही है।

Exit mobile version